Breaking News

अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना। 

अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना। 

शैलेश सिंह, संवाददाता

बबुरी (चंदौली)। बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयपुर मार्केट में रविवार को अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया और एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद प्रशासनिक टीम को वापस लौटना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय किसी के इशारे पर चुनिंदा लोगों को निशाना बना रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस भूमि पर कार्रवाई की जा रही थी, उसके सामने नाला स्थित है, जिस पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप है। उनका कहना है कि यदि अवैध कब्जा हटाना ही है तो सड़क किनारे और नाले के ऊपर किए गए सभी कब्जों पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार नाले पर अवैध कब्जे के कारण गांव में जलजमाव की गंभीर समस्या बनी रहती है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब सरकार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त है, तो फिर प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए कब्जों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई अक्सर गरीब और कमजोर वर्ग तक सीमित रह जाती है, जबकि राजनीतिक और प्रशासनिक रसूख रखने वालों को छोड़ दिया जाता है। इसी कथित भेदभाव के विरोध में ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन किया।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है और जहां-जहां सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है, वहां की जमीन को नियमानुसार खाली कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की जा रही है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा।

हालांकि ग्रामीणों ने एसडीएम के इस बयान से असहमति जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और सभी अवैध कब्जों पर समान कार्रवाई की मांग की है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!