Breaking News

उर्वरक बिक्री केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती, 26 केंद्रों का औचक निरीक्षण कर लिए गए 17 नमूने।

उर्वरक बिक्री केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती, 26 केंद्रों का औचक निरीक्षण कर लिए गए 17 नमूने।

शैलेश सिंह, संवाददाता 

चंदौली। कृषकों को निर्धारित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने जनपद के विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहसील स्तर पर गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई।

दिनांक 16 दिसंबर 2025 को जनपद के कुल 26 उर्वरक बिक्री केंद्रों का रैंडम आधार पर निरीक्षण किया गया, जिसमें जांच के दौरान 17 उर्वरक नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के समय मे० दिव्यांश कृषि सेवा केंद्र, डेढ़गांवा द्वारा रेट बोर्ड न लगाए जाने तथा वितरण रजिस्टर अपडेट न रखने की कमी पाई गई। वहीं मे० घपरी फर्टिलाइजर द्वारा स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जिला कृषि अधिकारी द्वारा दोनों उर्वरक केंद्रों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

जिला कृषि विभाग ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में रबी फसलों की बुवाई तेजी से चल रही है, ऐसे में किसान अपनी फसल की आवश्यकता के अनुसार संस्तुत मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें। साथ ही उर्वरक क्रय करने के उपरांत कैश मेमो अवश्य प्राप्त करें।

विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में यूरिया 13792.825 मीट्रिक टन, डीएपी 5280.489 मीट्रिक टन, म्यूरेट ऑफ पोटाश 383 मीट्रिक टन, एनपीके 4119.100 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 6334.925 मीट्रिक टन उपलब्ध है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक की खरीद करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!