Breaking News

रेलवे फाटक बंद होने पर खड़े ट्रक में घुसी नेपाल जा रही बस, एक की मौत, 35 घायल।

रेलवे फाटक बंद होने पर खड़े ट्रक में घुसी नेपाल जा रही बस, एक की मौत, 35 घायल।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के धनेटा रेलवे फाटक पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान सड़क पर खड़े ट्रक में हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 35 लोग घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक बच्चे की आंख भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल निवासी यात्री हिमाचल प्रदेश से बस में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे बस धनेटा रेलवे फाटक पर पहुंची। उस समय रेलवे फाटक बंद था और सड़क पर एक ट्रक खड़ा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।

सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से मीरगंज सीएचसी, खिरका सीएचसी और राजश्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी के मुताबिक, हादसे में करीब 35 लोग घायल हुए हैं। पुलिस घायलों का विवरण जुटाने के साथ ही मृतक की पहचान कराने में जुटी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। तड़के हुए इस हादसे ने रेलवे फाटक के आसपास भारी वाहनों की पार्किंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Spread the love

Check Also

किसानों को 1340 कुंतल आलू बीज आवंटित, नौ उन्नत किस्में उपलब्ध।

किसानों को 1340 कुंतल आलू बीज आवंटित, नौ उन्नत किस्में उपलब्ध। बदायूं। रबी सीजन 2026-27 …