Breaking News

शाहजहांपुर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में छात्राओं के व्यक्तित्व विकास हेतु कार्यशाला का शुभारंभ, बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल।

शाहजहांपुर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में छात्राओं के व्यक्तित्व विकास हेतु कार्यशाला का शुभारंभ, बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल।

✍️ संवाददाता – मुबारक अली

शाहजहांपुर। जनपद में बेटियों को सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में “मनन प्रोजेक्ट” कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

यह पहल एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है, जिसके तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की छात्राओं के लिए पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के दौरान छात्राओं और शिक्षकों के लिए विशेष विकासात्मक कक्षाएं संचालित की गईं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी और सीडीओ ने मातृत्व सोशल वेलफेयर सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि —

“बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा दी जानी चाहिए। बेटियाँ अपनी शक्ति पहचानें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।”

सोसायटी की काउंसलर अनुज्ञा मिश्रा ने छात्राओं को आत्मबल बढ़ाने, भय और झिझक से मुक्त होकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं बीएसए दिव्या गुप्ता ने नगर क्षेत्र की 100 बालिकाओं को कार्यशाला में शामिल कर विशेष प्रशिक्षण दिलाया।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने घोषणा की कि इन कक्षाओं में सक्रिय रूप से भाग लेने वाली छात्राओं को 8 मार्च (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस) पर जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनके उत्साह और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने बताया कि मातृत्व सोशल वेलफेयर सोसायटी और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से यह पर्सनैलिटी डेवलपमेंट कार्यशाला प्रायोगिक रूप से शुरू की गई है। आगामी चरण में इसे जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में लागू किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 16 छात्राओं को सशक्तिकरण के मॉडल के रूप में विकसित करना है, ताकि यह पहल भविष्य में पूरे जनपद के लिए प्रेरणास्रोत बने।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता, जिला प्रवेश अधिकारी गौरव मिश्रा सहित कई अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई …