Breaking News

सर्दी बढ़ी, चिकित्साधिकारियों ने दी एहतियात बरतने की सलाह।

सर्दी बढ़ी, चिकित्साधिकारियों ने दी एहतियात बरतने की सलाह।

जयशंकर मिश्रा, संवाददाता

चहनियां, चंदौली। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से ठंड लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते लोगों को विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार ने मरीजों को ठंड से बचाव के जरूरी उपाय बताते हुए कहा कि मौसम में तेजी से गिरते तापमान को देखते हुए सभी को गुनगुने पानी से नहाना चाहिए और बिना गर्म कपड़ों के घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए, ताकि सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव हो सके।

डॉ. रितेश ने कहा कि बच्चों पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, क्योंकि ठंड में लापरवाही उनके लिए नुकसानदायक हो सकती है। किसी भी प्रकार की सर्दी, जुकाम या वायरल बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत योग्य चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए और केवल डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं का ही सेवन करना चाहिए। बच्चों को पर्याप्त आराम देना भी जरूरी है।

उन्होंने यह भी बताया कि अक्सर लोग सर्दी के मौसम में एक ही कपड़े कई दिनों तक पहनते रहते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है। इसलिए साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए और जहां बच्चे बैठते या सोते हैं, उसके आसपास स्वच्छता अवश्य बनाए रखनी चाहिए। इसके साथ ही बच्चों को ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचाना चाहिए। यदि बच्चे को तेज सर्दी, बुखार या सांस लेने में दिक्कत महसूस हो, तो बिना देरी किए डॉक्टर के पास ले जाना चाहिए।

चिकित्साधिकारी ने लोगों को अधिक मात्रा में विटामिन-युक्त आहार लेने और गर्म भोजन का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि घरेलू उपचार भी किए जा सकते हैं, लेकिन किसी भी तरह की दिक्कत होने पर डॉक्टर से सलाह लेकर ही उपाय अपनाना सुरक्षित रहता है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!