Breaking News

बाइक साइड करने के विवाद में युवक की हत्या, पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा।

बाइक साइड करने के विवाद में युवक की हत्या, पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा।

राजन सिंह संवाददाता

चंदौली। सैयदराजा पुलिस ने 23 नवंबर को हुई हत्या की घटना का खुलासा करते हुए केस में शामिल पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी, टूटी हुई शीशी और बोतल के टुकड़े भी बरामद किए। बताया गया कि बाइक साइड करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसके बाद शराब के ठेके के पास युवक की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई।

घटना 23 नवंबर की रात काजीपुर शराब ठेके के पास हुई थी, जहां मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। सटीक सूचना मिलते ही पुलिस ने सबसे पहले सोगाई निवासी दिलीप पुत्र रामदुलार को काजीपुर शराब ठेके के पास से गिरफ्तार किया। दिलीप की निशानदेही और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने मकरानपुर निवासी अमित कुमार, मनीष कुमार तथा मकरानपुर-बगही कुंभापुर निवासी विमलेश कुमार और विजय को भी पकड़ लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से बांस की लाठी, शराब की टूटी शीशी और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बाइक साइड करने को लेकर उनके भाई से विवाद हुआ था और गाली-गलौज के बाद बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी बात का बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने युवक को रोककर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पांडेय, एसआई अवधेश नारायण, रामकुमार दुबे, हेडकांस्टेबल नसीरुद्दीन हुमायु, संतोष सिंह चंदेल, दिनेश यादव, विरेश यादव तथा कांस्टेबल राजू सिंह, विष्णु प्रजापति और पवनेश कुमार शामिल रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई …