Breaking News

कासगंज में दीपावली पर खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत – तीन लोग गंभीर घायल।

कासगंज में दीपावली पर खूनी संघर्ष, एक युवक की मौत – तीन लोग गंभीर घायल।

फायरिंग का आरोप, शव रखकर परिजनों ने की कार्रवाई की मांग।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। दीपावली के पावन पर्व पर जहां लोग खुशी और उमंग में डूबे थे, वहीं जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के ग्राम ढकरई में मामूली बात पर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस झगड़े में लाठी-डंडे और अवैध हथियार चले, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने देर रात मृतक का शव कोतवाली परिसर में रख दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए करीब तीन घंटे तक धरना दिया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और पीएसी बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

छह नामजद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतक के भाई विकास सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के ही छोटे उर्फ बिजेंद्र पुत्र रामपाल, नरेंद्र सिंह उर्फ करू, पुष्पेंद्र सिंह पुत्र नामालूम, शिवकुमार उर्फ पुच्चू, सौरभ पुत्र विजेंद्र निवासी ग्राम ढकरई और धनंजय सिंह पुत्र श्यामवीर सिंह निवासी ग्राम धुवियाई पर आरोप लगाते हुए बताया कि ये सभी लोग उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और अवैध हथियारों से हमला कर दिया।

इस हमले में विनय सिंह (32), सुरजीत सिंह (35) पुत्रगण सुरेश सिंह राठौड़, और कल्लू सिंह (60) पुत्र भीकम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जब पीड़ित पक्ष कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा, उसी दौरान आरोपियों ने मृतक के भाई पवन सिंह राठौड़ पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना पर सीओ पटियाली संदीप वर्मा, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ने मृतक के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भोजराज अवस्थी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

एक वर्ष पूर्व हुई थी पवन की शादी

जानकारी के अनुसार मृतक पवन सिंह राठौड़ की शादी मात्र एक वर्ष पूर्व हुई थी। वह दिल्ली में नौकरी करता था और दीपावली मनाने दो दिन पहले ही गांव आया था। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी नीलम सिंह और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल है। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!