Breaking News

बिसौली: हिंदू एकता और संस्कारों पर जोर, बिसौली में हुआ विशाल सामाजिक सम्मेलन।

हिंदू एकता और संस्कारों पर जोर, बिसौली में हुआ विशाल सामाजिक सम्मेलन।

आई एम खान 

बिसौली। नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को एक भव्य सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और अनुशासन से परिपूर्ण रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती वंदना एवं मनमोहक सांस्कृतिक व नाट्य प्रस्तुतियों से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को आकर्षित किया।

सम्मेलन का उद्घाटन भारत माता के चित्र के समक्ष मुख्य वक्ता प्रांत प्रचार प्रमुख ब्रज प्रांत प्रीतम जी एवं बालाजी बलदेवधाम गुदनी के पीठाधीश्वर पूज्य महाराज ललितेश्वरानंद जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

मुख्य वक्ता प्रीतम जी ने अपने संबोधन में हिंदू समाज को संगठित, जागरूक और संस्कारवान बनने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में सनातन संस्कृति की एकता, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू धर्म केवल पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र व्यवस्था है।

पूज्य महाराज ललितेश्वरानंद जी ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत संगठन और एकता है। जब तक समाज एकजुट नहीं होगा, तब तक संस्कृति और मूल्यों की रक्षा संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र और समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी दीदी ने भी आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सौहार्द और नैतिक मूल्यों पर अपने विचार रखे। सम्मेलन की अध्यक्षता उद्योगपति सुभाष चंद्र अग्रवाल ने की।

इस अवसर पर विभाग प्रचारक सुधांशु जी, जिला प्रचारक राजीव जी, क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, ब्लॉक प्रमुख ओम कृष्ण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमित पाठक उर्फ बंटी भैया, रोटरी आई हॉस्पिटल के चेयरमैन रवि प्रकाश अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सम्मेलन के माध्यम से समाज में एकता, संगठन और संस्कारों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!