Breaking News

बिसौली: स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित।

स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित।

आई एम खान 

बिसौली। संविलित विद्यालय पपगांव के स्कूली बच्चों ने बृहस्पतिवार को गांव में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के प्रति लोगों को प्रेरित किया। रैली के दौरान बच्चों ने “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान शेर सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहित कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान का माल्यार्पण कर स्वागत किया, जबकि वरिष्ठ अध्यापक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान ने प्रतिभाशाली शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट अध्यापन की सराहना की।

इस मौके पर मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 8 की छात्रा रोशनी यादव ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इल्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अन्य सम्मानित छात्रों में प्रेमवती, शैरीन बी, दीक्षा, कोमल, आकाश, समीर, मोहित और प्रियांशी शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक अजय कुमार शंखधार ने अपने शायराना अंदाज में किया, जिससे माहौल खुशनुमा बना रहा। इसके साथ ही विद्यालय की सेवानिवृत्त रसोइया उर्मिला देवी को भावभीनी विदाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक मोहित कुमार सिंह एवं ग्राम प्रधान शेर सिंह द्वारा नए शैक्षिक सत्र के लिए छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित की गईं। इस दौरान अजय कुमार, शेर मोहम्मद, हरिराज सिंह, राजीव कुमार, सीमा देवी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!