Breaking News

बलरामपुर: नहर में नहाने गईं दो सगी बहनें डूबीं, गांव में छाया मातम।

नहर में नहाने गईं दो सगी बहनें डूबीं, गांव में छाया मातम।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

उतरौला (बलरामपुर)। गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के इटईरामपुर सकडिहवा गांव के पास सरयू नहर में नहाने के दौरान दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी अकबर अली की बेटियां नसरीन (10) और महजबीन (7) घर के पास स्थित सरयू नहर में सूबनजोत पुल के समीप नहाने के लिए गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बहनें नहर किनारे नहा रही थीं। इसी दौरान छोटी बहन महजबीन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख बड़ी बहन नसरीन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी, लेकिन वह भी गहराई में पहुंचकर डूबने लगी।

दोनों बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत नहर में उतरकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजन बच्चियों को घर ले गए।

बताया जाता है कि दोनों बहनें पढ़ाई में भी अच्छी थीं। वे मदरसा दारुल हुदा गड़रहिया की छात्राएं थीं। बड़ी बहन नसरीन कक्षा दो में पढ़ती थी, जबकि महजबीन नर्सरी की छात्रा थी। दोनों की असामयिक मौत से मदरसे के शिक्षक और सहपाठी भी गहरे दुख में हैं।

घटना की सूचना पर गैंड़ास बुजुर्ग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजीव मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नहर में नहाते समय डूबने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हालांकि परिजनों ने घटना को हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया है।

मृतक बच्चियों के पिता अकबर अली मुंबई में टेंट हाउस में काम करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से गांव में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!