Breaking News

ट्रैक्टर का टायर फटने से मासूम की मौके पर दर्दनाक मौत।

ट्रैक्टर का टायर फटने से मासूम की मौके पर दर्दनाक मौत।

खेल के मैदान में गूँजी धमाके की आवाज़, गांव में पसरा मातम।

घूरेलाल कन्नौजिया, ब्यूरो चीफ चन्दौली

चन्दौली। बबुरी थाना क्षेत्र के गौड़ीहार गांव में सोमवार की दोपहर दर्दनाक हादसा घटित हो गया। खेल-खेल में व्यस्त एक मासूम पल भर में मौत की आगोश में समा गया। घटना इतनी भयावह थी कि पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल पसर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में खड़ा एक ट्रैक्टर चालक टायर में हवा भर रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ टायर फट गया। दुर्भाग्यवश पास में ही खेल रहा छह वर्षीय बच्चा उसकी चपेट में आ गया और दबाव की वजह से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग भयभीत होकर मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक मासूम की साँसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन चीख-पुकार करते हुए मौके पर पहुँचे और मासूम के निर्जीव शरीर को देखकर बदहवास हो उठे। पूरे गांव में मातम छा गया और लोग घटना को महज़ लापरवाही का परिणाम बताते हुए आक्रोशित भी नज़र आए।

सूचना पर पहुँची बबुरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रैक्टर को सीज़ कर लिया गया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गांव में इस हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया है। लोग यही कहते सुने गए कि जरा सी लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और परिवार को कभी न भरने वाला घाव दे दिया।

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …