Breaking News

दादी के साथ घास काटने गए दो मासूम भाइयों की मिट्टी के टीले में दबकर मौत, गांव में पसरा मातम।

दादी के साथ घास काटने गए दो मासूम भाइयों की मिट्टी के टीले में दबकर मौत, गांव में पसरा मातम।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जिले के थाना हर्रैया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत शंकरपुर गिर गिटही में दर्दनाक हादसा हो गया। घास काटने गई दादी और उसके दो मासूम पोते अचानक मिट्टी के टीले के नीचे दब गए। इस हादसे में दोनों मासूमों की मौत हो गई, जबकि दादी घायल हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 70 वर्षीय जैसनाज अपने आठ वर्षीय पोते रशीद और छह वर्षीय अरियान को लेकर पहाड़ी नाले के किनारे मूंज काटने गई थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में आई बाढ़ के कारण नाले किनारे की मिट्टी कटकर ढेर के रूप में लटक रही थी। घास काटने के दौरान अचानक वह मिट्टी का टीला भरभराकर गिर पड़ा। इससे तीनों उसमें दब गए।

स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें मिट्टी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम रशीद और अरियान की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल दादी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। जैसे ही शव गांव पहुंचे, कोहराम मच गया। मासूम भाइयों की एक साथ उठी जनाज़ा यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा। हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल गमगीन हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि मिट्टी के कटान पर समय रहते ध्यान दिया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस तरह की घटनाओं से सबक लेकर नालों और कटान प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतज़ाम करेगा, या फिर यह दर्दनाक घटना भी बीते हादसों की तरह भुला दी जाएगी।

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …