Breaking News

सुजावलपुर पावर हाउस में धूल फांक रहा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर, जनता बेहाल: अब्दुल हफीज गांधी।

सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने ऊर्जा मंत्री को भेजा ज्ञापन; भीषण गर्मी में अघोषित कटौती और फसलों के सूखने पर जताई गहरी चिंता।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। पटियाली विधानसभा क्षेत्र में लगातार चरमराती बिजली व्यवस्था, अघोषित कटौती और भीषण गर्मी के बीच गहराते संकट को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कासगंज और SDO सुजावलपुर के माध्यम से अवर अभियंता पंकज कुमार को दिया गया, जिसमें क्षेत्र की बदहाल विद्युत आपूर्ति को तत्काल सुधारने की मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपते हुए अब्दुल हफीज गांधी ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि सुजावलपुर बिजली घर पर वर्तमान में केवल एक 5 MVA का ट्रांसफार्मर कार्य कर रहा है, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या बनी रहती है। क्षेत्र में बिजली की मांग को देखते हुए क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से कई महीने पहले एक अतिरिक्त 5 MVA का ट्रांसफार्मर यहाँ लाकर रख दिया गया था, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण इसे आज तक मुख्य लाइन से जोड़कर चालू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अगर इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर को समय रहते ऊर्जीकृत कर दिया जाता, तो आज सुजावलपुर क्षेत्र की जनता को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और भयंकर लो-वोल्टेज की समस्या से बड़ी राहत मिल जाती।

सपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस समय पूरा इलाका भीषण लू और उमस की चपेट में है, लेकिन ऐसे संवेदनशील समय में भी घंटों की अघोषित कटौती की जा रही है। दिन-रात अनगिनत बार होने वाली ट्रिपिंग ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भयंकर गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग रात भर जागने को मजबूर हैं। घरों में लगे पंखे और कूलर कम वोल्टेज के कारण शोपीस बनकर रह गए हैं, वहीं बार-बार आने-जाने वाले वोल्टेज से लोगों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी फुंक रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।

बिजली संकट का सबसे बुरा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और खेती-किसानी पर पड़ रहा है। अब्दुल हफीज गांधी ने किसानों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि खेतों में लगे नलकूपों को पर्याप्त बिजली न मिलने से सिंचाई ठप पड़ी है। खेतों में खड़ी मक्का और अन्य फसलें पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसान दिन-रात जागकर बिजली आने का इंतजार करते हैं, लेकिन पर्याप्त सप्लाई न मिलने के कारण उनकी मेहनत और लागत दोनों बर्बाद हो रही है। यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

अब्दुल हफीज गांधी ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार और प्रशासन से मांग की है कि सुजावलपुर बिजली घर पर रखे गए अतिरिक्त 5 MVA ट्रांसफार्मर को तत्काल कनेक्ट कर चालू कराया जाए और दोनों ट्रांसफार्मरों से सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्र में हो रही अत्यधिक ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी तकनीकी समाधान निकाला जाए तथा किसानों के ट्यूबवेलों के लिए नियमित बिजली दी जाए ताकि फसलों को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही करनी चाहिए। इस दौरान असलम अंसारी, जगतपाल सिंह, शमीम खान, दीपक पाल और पंकज लोधी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!