Breaking News

बदायूँ में 5 लाख से अधिक दीपों से सजेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट में बनाई रणनीति।

बदायूँ में 5 लाख से अधिक दीपों से सजेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट में बनाई रणनीति।

बदायूँ। कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में रविवार को उत्तर प्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन शाम 07 बजे सभी निर्मित परियोजनाओं, कछला व अटेना गंगा घाटों, प्रमुख मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों के साथ-साथ जिले की 1037 ग्राम पंचायतों और 21 नगर पालिका/नगर पंचायतों में दीये प्रज्ज्वलित होंगे। साथ ही विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं—किसान सम्मान निधि (410,928), विधवा पेंशन (66,605), वृद्धा पेंशन (76,444), दिव्यांगजन पेंशन (20,388) और प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण (44,766)—के कुल 5 लाख से अधिक लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलेंगे।

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के दौरान समस्त तहसीलों व डायट ऑडिटोरियम में दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के पंजीकृत 297 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण दिए जाएंगे और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 500 टूलकिट का वितरण होगा। वहीं 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक कक्षा 5 से 8 तथा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’ के तहत चित्रकला, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसके अलावा नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद, यज्ञ-प्रार्थना सभाएं और ग्राम चौपाल आयोजित होंगे, जिनकी रील सूचना पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।

रक्तदान शिविरों के तहत 17 सितंबर को जिला पुरुष चिकित्सालय, 18 सितंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, 19 सितंबर को चेरिटेबिल ब्लड केन्द्र, 20 सितंबर को जौहरी नर्सिंग होम, 21 सितंबर को भारत चेरिटेबिल ब्लड केन्द्र तथा 22 सितंबर को नेशनल चेरिटेबिल ब्लड केन्द्र में आयोजन होगा।

बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय ने कार्य-योजना का विवरण रखा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, विधायकगण राजीव कुमार सिंह, महेश चन्द्र गुप्ता, हरीश शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, डीके भारद्वाज, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र कुमार शाक्य, जेके सक्सेना, अशोक भारतीय, महामंत्री योगेंद्र राठौर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार और डी.डी.ओ. मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

सहसवान: नगर पालिका अध्यक्ष बाबर मियां ने युवाओं को दिया आर्मी भर्ती अकादमी का तोहफा, मैदान के अभाव में दूर जाने वाले बच्चों को मिला घर के पास सहारा।

सहसवान: नगर पालिका अध्यक्ष बाबर मियां ने युवाओं को दिया आर्मी भर्ती अकादमी का तोहफा, …