Breaking News

कुंवरगांव: खुले ट्रांसफार्मर के करंट से गौवंश की मौत, दो दिन तक केबिन में पड़ा रहा शव; पशु प्रेमी बीकेंद्र शर्मा की शिकायत पर आक्रोश।

कुंवरगांव: खुले ट्रांसफार्मर के करंट से गौवंश की मौत, दो दिन तक केबिन में पड़ा रहा शव; पशु प्रेमी बीकेंद्र शर्मा की शिकायत पर आक्रोश।

कुंवरगांव (बदायूं): कस्बा कुंवरगांव के रामलीला मैदान के पास स्थित 400 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर के खुले पड़े केबिन में करंट आने से एक बेसहारा गौवंश की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि इस दुर्घटना के बाद गौवंश का शव लगभग दो दिनों तक ट्रांसफार्मर के उसी खुले केबिन के अंदर पड़ा रहा, लेकिन बिजली विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर सुधि लेने तक नहीं पहुंचा। इस गंभीर लापरवाही को लेकर नगरवासियों और पशु प्रेमियों में भारी रोष व्याप्त है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृत गौवंश का शव दो दिनों तक ट्रांसफार्मर के अंदर ही फंसा रहा और इस दौरान आवारा कुत्ते लगातार शव को नोचते रहे। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विद्युत कर्मियों और अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर स्थिति की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने मौके पर आकर न तो शव हटवाने की जहमत उठाई और न ही ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के कोई इंतजाम किए।

अंततः गुरुवार को नगर पंचायत कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और ट्रॉली की मदद से मृत गौवंश के शव को बाहर निकालकर किसी दूरस्थ स्थान पर ले जाकर उसका उचित निस्तारण कराया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

नगरवासियों का आरोप है कि कस्बे में जगह-जगह खुले पड़े ट्रांसफार्मर और असुरक्षित विद्युत व्यवस्थाओं के कारण पूर्व में भी कई मवेशी करंट की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ट्रांसफार्मरों के चारों ओर बैरिकेडिंग या जाली न होने से यह खुलेआम जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच हो और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘पीपल फॉर एनीमल’ संस्था के अध्यक्ष व पशु प्रेमी बीकेंद्र शर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने बिजली विभाग की घोर लापरवाही पर कड़ा सवाल उठाया है और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की है कि कस्बे में खुले में लगे सभी ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ तत्काल जाली और वायर फेंसिंग कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसे न हो सकें।

 

 

 

Spread the love

Check Also

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, दिलाई गई शपथ।

राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के तहत नशामुक्त भारत अभियान: छात्राओं ने निकाली साइकिल रैली, …