Breaking News

बरेली-पीलीभीत हाईवे पर भीषण हादसा: कैंटर और स्कॉर्पियो की टक्कर में पंजाब के तीन लोगों की मौत, दो गंभीर।

बरेली-पीलीभीत हाईवे पर भीषण हादसा: कैंटर और स्कॉर्पियो की टक्कर में पंजाब के तीन लोगों की मौत, दो गंभीर।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गुरुवार सुबह हुआ एक दर्दनाक सड़क हादसा तीन जिंदगियों को लील गया। नवाबगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव के पास निर्माणाधीन वनवे मार्ग पर ऑक्सीजन सिलिंडरों से भरे कैंटर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों व पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग लखीमपुर खीरी के पलिया से वापस पंजाब जा रहे थे। हाईवे के निर्माणाधीन हिस्से पर यातायात को वनवे व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑक्सीजन सिलिंडरों से लदे कैंटर से स्कॉर्पियो की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज इतनी तीव्र थी कि आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

इस हादसे में फतेहगढ़ निवासी भूपेंद्र कौर (62), हरजीत सिंह (60) और लुधियाना के संतोष सिंह (65) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, स्कॉर्पियो चालक मुकुंद सिंह और लाडी सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण निर्माणाधीन मार्ग पर यातायात प्रबंधन में चूक और तेज रफ्तार को माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने ऑक्सीजन सिलिंडर ले जा रहे कैंटर के चालक पंचम लाल (निवासी मथुरापुर) को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी अनुराग आर्य सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर उनकी तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

यह दुर्घटना एक बार फिर से निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा इंतजामों और यातायात प्रबंधन की खामियों को उजागर कर गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

बाइट :- परिजन

बाइट :- अनुराग आर्य एसएसपी बरेली।

 

Spread the love

Check Also

सहसवान: प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि मिलने पर दबंगों ने मांगी रंगदारी, कोर्ट का फैसला दरकिनार कर महिला को धमकाया।

प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि मिलने पर दबंगों ने मांगी रंगदारी, कोर्ट का फैसला दरकिनार …

error: Content is protected !!