Breaking News

बदायूँ में कच्छा-बनियान धारी बदमाशों का खूनी तांडव, किसान परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती।

इस्लामनगर में दीवार फांदकर घर में घुसे हथियारबंद डकैत; बेरहमी से मारपीट कर महिलाओं के शरीर से उतरवाए जेवर, इलाके में दहशत।

बदायूँ। जनपद के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात कच्छा-बनियान गिरोह के बेखौफ बदमाशों ने एक किसान के घर पर धावा बोलकर भारी तांडव मचाया। हथियारबंद बदमाशों ने पूरे परिवार को गनपॉइंट पर बंधक बना लिया और विरोध करने पर महिलाओं समेत पूरे कुनबे को बेरहमी से लहूलुहान कर दिया।

इसके बाद डकैत महिलाओं के शरीर से सोने-चांदी के गहने और घर में रखी नकदी समेटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आनन-फानन में पुलिस बल बदमाशों की टोह लेने में जुट गया है।

वारदात इस्लामनगर के मोहल्ला हाता की है, जहाँ स्थानीय किसान नजाकत अली अपने परिवार के साथ घर के भीतर सो रहे थे। देर रात करीब सात की संख्या में आए कच्छा-बनियान धारी शातिर बदमाश दीवार फांदकर घर के आंगन में दाखिल हो गए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले मुख्य द्वार खोला और बाहर खड़े अपने अन्य साथियों को भी भीतर बुला लिया।

आहट होने पर जब परिवार के लोगों की आंख खुली, तो घर के अंदर बदमाशों को देख उनके होश उड़ गए। इससे पहले कि पीड़ित शोर मचा पाते, बदमाशों ने असलहे तानकर सभी को एक कमरे में बंधक बना लिया। जब किसान और उनके परिजनों ने इस बात का विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने लाठी-डंडों और हथियारों के बट से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस बर्बर मारपीट में किसान नजाकत, उनकी पत्नी मिस्कीन, पुत्रवधू फ़िज़ा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद बदमाशों ने घर में कोहराम मचाते हुए अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़ दिए। डकैत डरा-धमकाकर महिलाओं के पहने हुए सोने-चांदी के सारे आभूषण जबरन उतरवा ले गए और घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी समेट ली। पीड़ितों के मुताबिक बदमाश करीब सात लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूटकर ले गए हैं। जाते-जाते डकैत पूरे परिवार को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर रफूचक्कर हो गए।

बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर जब पीड़ितों ने चीख-पुकार मचाई, तो पड़ोस के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। घटनास्थल के ठीक पास खेतों में पुलिस और ग्रामीणों को बीयर के कैन तथा डिस्पोजल गिलास बरामद हुए हैं, जिससे यह साफ अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से ठीक पहले वहीं बैठकर शराब पी थी और वे पूरी रेकी व तैयारी के साथ आए थे। फिलहाल पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भिजवाकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।

बाईट- अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बदायूँ डा0 हृदेश कठेरिया

बाईट- पीड़ित शाकिर अली

बाईट- पीड़ित मेहमान महिला

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!