Breaking News

शाहजहाँपुर: जनगणना कार्य में लापरवाही पर दर्ज होगा मुकदमा, एडीएम ने कर्मचारियों को दिया सख्त अल्टीमेटम।

शाहजहाँपुर: जनगणना कार्य में लापरवाही पर दर्ज होगा मुकदमा, एडीएम ने कर्मचारियों को दिया सख्त अल्टीमेटम।

संवाददाता: मुबारक अली

शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर में आगामी ‘जनगणना 2027’ की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में तहसील कलान में चल रहे प्रशिक्षण के अंतिम बैच का निरीक्षण करने पहुँचे अपर जिलाधिकारी (एडीएम) वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी जारी की है। एडीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और राष्ट्रीय गरिमा का कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही या बहानेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी कर्मचारी प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहेंगे या ड्यूटी कटवाने के लिए अनावश्यक बहाने बनाएंगे, उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

प्रशिक्षण के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि वर्तमान में पूरे जनपद के 21 चार्ज ऑफिसर के निर्देशन में तीन चरणों में ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रथम चरण 15 से 17 अप्रैल और द्वितीय चरण 20 से 22 अप्रैल तक संपन्न हो चुका है, जबकि तीसरा और अंतिम चरण 23 से 25 अप्रैल तक संचालित हो रहा है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी कर्मचारियों को जनगणना की बारीकियों से अवगत कराना है ताकि वास्तविक कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को गंभीरता के साथ सीखने और फील्ड वर्क के दौरान पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से इस कार्य में जुटे कर्मचारियों के लिए मानदेय और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। एडीएम ने बताया कि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा करने पर इन्यूमरेटर्स और सुपरवाइजर्स को लगभग 25,000 रुपये तक का मानदेय प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भत्ता दिया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्रों पर कर्मचारियों की सुविधा के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता और दोपहर के भोजन (लंच) की भी समुचित व्यवस्था की गई है। एडीएम अरविंद कुमार ने अंत में दोहराया कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर प्रशिक्षण प्राप्त करें, क्योंकि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!