Breaking News

चहनिया पीएचसी में चिकित्सक न मिलने पर ग्रामीणों का आक्रोश।

चहनिया पीएचसी में चिकित्सक न मिलने पर ग्रामीणों का आक्रोश।

एक घंटे तक इंतजार के बाद हुआ हंगामा, गंभीर मरीज को किया गया रेफर।

संवाददाता – जयशंकर मिश्रा

चहनिया, चंदौली। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पर रविवार सुबह चिकित्सक की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। सुबह करीब नौ बजे तक अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद न होने से नाराज ग्रामीणों ने एक घंटे तक इंतजार करने के बाद हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डॉक्टर को बुलवाया और मरीज को रेफर कराया।

जानकारी के अनुसार गुरेरा निवासी 75 वर्षीय राम किशुन यादव लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उनका इलाज किया जा रहा था। रविवार सुबह अचानक उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर मरीज की हालत नाजुक थी, लेकिन एक घंटे तक डॉक्टर के न पहुंचने से परिजन और ग्रामीण बेहद चिंतित हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्व प्रधान संतोष यादव मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर प्रशासनिक स्तर पर संपर्क किया। सूचना मिलने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत डॉक्टर को अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की स्थिति को देखते हुए बिना विलंब जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया गया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है और किसी भी मरीज के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।

वहीं पूर्व प्रधान संतोष यादव ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

मौके पर अभय यादव, शुभम, राहुल, दीपक, मोनू सिंह, रोहित, सचिन सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!