Breaking News

बाबा साहेब का चित्र क्षतिग्रस्त करने और झंडा उखाड़ने पर भड़के ग्रामीण, गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन।

बाबा साहेब का चित्र क्षतिग्रस्त करने और झंडा उखाड़ने पर भड़के ग्रामीण, गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन।

संवाददाता, अमित कुमार ओझा 

चहनियां (चंदौली)। बलुआ थाना क्षेत्र के कैलावर गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैल चित्र को क्षतिग्रस्त करने और झंडा उखाड़ने का मामला गरमा गया है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यवाही नहीं हुई, तो 12 मई को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने बताया कि कैलावर में विगत कई वर्षों से डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा और झंडा स्थापित है, जहाँ गांव के महिला, पुरुष और बच्चे प्रतिदिन श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। आरोप है कि कुछ उपद्रवी अक्सर पूजा कर रही महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां और छींटाकशी करते रहते हैं। बीते मंगलवार को उपद्रवियों ने एक गिरोह बनाकर बाबा साहेब के तैल चित्र को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां लगा झंडा उखाड़ फेंका।

जब ग्रामीणों ने इस कृत्य का विरोध किया, तो हमलावर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर मारपीट पर उतारू हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर पर कहा कि यदि पुलिस ने आरोपियों को जल्द जेल नहीं भेजा, तो 12 मई को भारत मुक्ति मोर्चा एवं बहुजन क्रांति मोर्चा के बैनर तले चंदौली में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से चिंता देवी, मीरा देवी, वीरेंद्र कुमार, राम प्रताप, अजय, नामवर, प्रमोद, भोला, निशा, रुस्तम, उमरावती सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!