Breaking News

होनहार छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, प्रथम श्रेणी में पास की थी हाईस्कूल की परीक्षा।

होनहार छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, प्रथम श्रेणी में पास की थी हाईस्कूल की परीक्षा।

संवाददाता, शैलश सिंह 

अलीनगर (चंदौली)। थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को एक 18 वर्षीय मेधावी छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र ने हाल ही में घोषित हुए हाईस्कूल के परिणामों में प्रथम श्रेणी (फर्स्ट डिवीजन) हासिल की थी। इस हृदयविदारक घटना से जहां इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-3 स्थित जियो ऑफिस के समीप रहने वाले दिनेश कुमार चौहान का इकलौता पुत्र दीपक उर्फ कुलदीप कुमार चौहान पढ़ाई में काफी मेधावी था। वह खुद की पढ़ाई के साथ-साथ एक लाइब्रेरी का संचालन भी करता था। शुक्रवार दोपहर जब उसके पिता, जो एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत हैं, भोजन के लिए घर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। करीब 20 मिनट तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर दीपक का शव फंदे से लटका देख सबके होश उड़ गए।

बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतक की मां मिर्जापुर में एक वैवाहिक समारोह में गई हुई थीं। सूचना मिलते ही डायल 112 और अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। होनहार बेटे की मौत से परिवार का चिराग बुझ गया है और हर कोई स्तब्ध है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …