Breaking News

शाहजहांपुर में मुठभेड़ के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार।

शाहजहांपुर में मुठभेड़ के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में बीसलपुर-निगोही सीमा के पास गुरुवार तड़के पुलिस और संदिग्ध आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरी ओर से हुई फायरिंग में एक सिपाही बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली और तमंचा बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, निगोही थाना क्षेत्र के कुदिरना गांव निवासी अभिषेक ने तीन अक्टूबर को अपना स्वराज 744 ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस गुरुवार तड़के बीसलपुर-निगोही सीमा के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दो लोग उसे बेचने के इरादे से पीलीभीत की ओर जा रहे हैं।

पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोग सिद्ध बाबा मंदिर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो एक आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली सिपाही आशीष कुमार के बाएं हाथ को छूकर निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। वहीं, दूसरे आरोपी को धुल्लिया चेकपोस्ट के पास नदी किनारे से पकड़ लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के भदारी गांव निवासी बिंदु उर्फ बिंदुआ (30) और प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के कांझा गांव निवासी रोहित (28) के रूप में बताई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा और कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं।

तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसने बिंदु और सुधीर के साथ मिलकर दो अक्टूबर को गुरगवां गांव के पास स्थित इंटरलॉकिंग ईंट प्लांट से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी। इसके बाद तीनों उसे बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान सुधीर मौके पर नहीं पहुंचा, जबकि बाकी दोनों आरोपी पकड़ लिए गए। पुलिस अब तीसरे आरोपी सुधीर की तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि बिंदु उर्फ बिंदुआ के खिलाफ पीलीभीत और शाहजहांपुर में चोरी, हथियार रखने सहित अन्य आरोपों से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, रोहित के खिलाफ भी प्रतापगढ़ और शाहजहांपुर में मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

इस कार्रवाई में निगोही थाना प्रभारी राजीव कुमार, उपनिरीक्षक मोहित चौधरी, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, उपनिरीक्षक शिवकुमार तथा एसओजी, सर्विलांस सेल और निगोही थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

Spread the love

Check Also

बदायूं में ‘संविधान संवाद’ अभियान के तहत नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

  विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जाएगा जागरूक। …