Breaking News

शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, बदायूं में 3935 मतदाता करेंगे मतदान।

10 मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, 17 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला।

बदायूं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री और मतपेटिकाएं सौंपकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रशासन के अनुसार, सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा।

पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान जिलाधिकारी अवनीश राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 में कुल 17 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के हाजी दानिश अख्तर और भारतीय जनता पार्टी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों शामिल हैं। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में नरेश कुमार शर्मा, नाज रिजवी, नेत्रपाल, बहार आलम, रमेश चंद्र, राजकुमार सिंह, कैप्टन (डॉ.) राजीव कुमार चौहान, डॉ. राजेंद्र कुमार गंगवार, रेनू मिश्रा, रोहिल अल्ताफ, विद्युत कुमार, विमलेन्द्र कुमार शर्मा ‘विमल’, गुरुजी संजय कुमार मिश्र, डॉ. सुनीत गिरि और हरेन्द्र सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

10 मतदान केंद्रों पर 3935 मतदाता

जनपद बदायूं में चुनाव के लिए कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, इन केंद्रों पर कुल 3935 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान केंद्रवार मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:

– बदायूं नगर पालिका परिषद कार्यालय — 1308 मतदाता

– बिल्सी नगर पालिका परिषद कार्यालय — 309 मतदाता

– क्षेत्र पंचायत बिसौली — 304 मतदाता

– आसफपुर — 133 मतदाता

– वजीरगंज — 157 मतदाता

– सहसवान — 180 मतदाता

– इस्लामनगर — 358 मतदाता

– उझानी — 583 मतदाता

– म्याऊं — 407 मतदाता

– क्षेत्र पंचायत दातागंज — 196 मतदाता

मतदान केंद्रों पर रहेगा सुरक्षा का कड़ा पहरा

प्रशासन ने मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ आवश्यक पीएसी बल की तैनाती की है। एकल मतदान केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, चार हेड कांस्टेबल या कांस्टेबल और दो महिला कांस्टेबल सहित सात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, दोहरे मतदान केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, छह हेड कांस्टेबल या कांस्टेबल और चार महिला कांस्टेबल सहित कुल 11 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सभी 10 मतदान केंद्रों को पांच जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जा सके और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई हो।

डीएम ने दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश

जिलाधिकारी अवनीश राय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना उनकी जिम्मेदारी है। मतदान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर नजर रखने तथा निर्वाचन की गोपनीयता, निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Spread the love

Check Also

बदायूं में ‘संविधान संवाद’ अभियान के तहत नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

  विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जाएगा जागरूक। …