Breaking News

गंजडुंडवारा में भव्य राजगद्दी शोभायात्रा, आकर्षक झांकियों ने बांधा समां।

चार दर्जन से अधिक झांकियां बनीं आकर्षण, पंचायती बाग में 5100 दीप जलाकर मनाया उत्सव।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। नगर में 78वें श्रीरामलीला महोत्सव के तहत भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने की खुशी में राजगद्दी की शोभायात्रा भव्यता के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में चार दर्जन से अधिक धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहीं। वहीं, काली मंडल के कलाकारों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को आकर्षित किया। पूरे नगर में भगवान श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे और माहौल भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा का शुभारंभ समाजसेवी एसके गौर ने फीता काटकर किया। इसके बाद श्रीरामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष अमित प्रकाश महाजन और महामंत्री सचिन गुप्ता ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी। पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा रवाना हुई। सबसे आगे चल रहे काली मंडल के कलाकार पारंपरिक अंदाज में विभिन्न करतब दिखाते हुए आगे बढ़े। इसके पीछे सजी धार्मिक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा।

राजगद्दी उत्सव भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राज्याभिषेक की स्मृति में मनाया जाता है। यह आयोजन सत्य, धर्म और मर्यादा की विजय के साथ-साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों और रामराज्य की परिकल्पना का संदेश देता है।

शोभायात्रा गांधी रोड, एटा रोड, पटियाली तिराहा, सब्जी मंडी, टीन बाजार, राजाराम चौराहा, चौक, सट्टी बाजार, बान मंडी तिराहा और थाना रोड से होते हुए वापस पंचायती बाग पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्रीराम के दर्शन किए। आकर्षक झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।

आयोजन में हनुमानगढ़ी मंदिर के व्यवस्थापक आमोद कुमार गुप्ता, सुरेश चंद्र आर्य, अध्यक्ष अमित प्रकाश महाजन, महामंत्री सचिन गुप्ता, महेंद्र पाल सिंह राठौर, प्रमोद यादव, अतुल महाजन, शाशक राठौर, एसके गौर, अवधेश सिंह, संचालक सुमन प्रकाश गुप्ता, अजय गुप्ता और पप्पू फाइनेंसर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

पंचायती बाग में 5100 दीपों से जगमगाया परिसर।

शोभायात्रा के समापन के बाद पंचायती बाग में 5100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में आयोजित इस कार्यक्रम ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया और पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Spread the love

Check Also

बदायूं में ‘संविधान संवाद’ अभियान के तहत नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

  विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जाएगा जागरूक। …