Breaking News

प्रेम विवाह का दुखद अंत: पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, गांव में शोक और तनाव।

प्रेम विवाह का दुखद अंत: पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, गांव में शोक और तनाव।

जयशंकर मिश्रा, संवाददाता 

चंदौली। जनपद के भीषमपुर गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम विवाह करने वाले एक दंपति के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पत्नी की जान चली गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, भीषमपुर निवासी 24 वर्षीय सनी कुमार मौर्य और 22 वर्षीय बबली ने लगभग ढाई वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। दोनों की पहचान पढ़ाई के दौरान जीआईसी इंटर कॉलेज चकिया में हुई थी। विवाह के बाद दोनों परिवार से अलग गांव में ही रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दंपति के बीच आपसी विवाद चल रहा था। सोमवार की रात कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर पति ने पत्नी का गला दबा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला अचेत अवस्था में पड़ी थी और आरोपी फरार हो चुका था।

सूचना पर चकिया कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!