Breaking News

उन्नाव में पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल – साथी फरार।

उन्नाव में पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल – साथी फरार।

सनोज कुमार, संवाददाता 

उन्नाव। उन्नाव जिले की बीघापुर थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की शुरुआत तब हुई जब थाना बीघापुर क्षेत्र के टिकौली रावतपुर हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला के गले पर चोट के निशान थे। मृतका की पहचान उसकी माँ ने अपनी पुत्री (उम्र लगभग 18 वर्ष), निवासी ग्राम दुर्गागंज थाना जगतपुर, जनपद रायबरेली के रूप में की।

मृतका की माँ की तहरीर पर पुलिस ने अंकुल पुत्र शिवमोहन जाटव (उम्र 23 वर्ष) निवासी ग्राम खुदायपुर, थाना गदागंज, जनपद रायबरेली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस मुठभेड़ का घटनाक्रम:

7 नवंबर 2025 की शाम लगभग 7:20 बजे पुलिस टीम बीघापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी जंगली खेड़ा नहर पुलिया के पास सामने से आ रहे दो संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगे और पीछे बैठे युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पीछे बैठे बदमाश अंकुल के बाएं पैर में गोली लगी और वह बाइक से गिर पड़ा। उसका साथी मयंक पुत्र ललित (उम्र 18 वर्ष) निवासी सुमेरपुर, थाना बिहार, जनपद उन्नाव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

घायल आरोपी से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की थी। आरोपी ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से परिचय नवंबर 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुआ था। दोनों का विवाह 15 अप्रैल 2025 को हुआ था। शादी के कुछ महीने बाद ही उनके बीच विवाद शुरू हो गया। वे कानपुर नगर के मिश्रीलाल चौराहा क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे।

आरोपी ने बताया कि 1 नवंबर को दोनों के बीच झगड़ा हुआ और 5 नवंबर को दोनों रायबरेली पैसेंजर ट्रेन से कानपुर से अपने गाँव जा रहे थे। रास्ते में ट्रेन में ही कहासुनी हो गई और थाना बीघापुर क्षेत्र के टिकौली हॉल्ट पर उतरने के बाद उसने चाकू से पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सनी पैंट, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार हेतु सीएचसी बीघापुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरार साथी मयंक की तलाश में दबिशें शुरू कर दी हैं।

पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

बाइट- मधुपनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी बीघापुर।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!