Breaking News

शाहजहांपुर: कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा: डीएम और एसपी ने किया मार्गों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा: डीएम और एसपी ने किया मार्गों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश।

संवाददाता – मुबारक अली

शाहजहांपुर। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को भारी प्रशासनिक अमले के साथ प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे समेत संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट से लेकर पुत्तूलाल चौराहा, केरूगंज, बरेली मोड़, ददरौल मोड़, कांट, जलालाबाद, अल्हागंज, हुल्लापुर, मदनापुर, खैरपुर, कटरा और तिलहर तक के विभिन्न संवेदनशील और मुख्य कांवड़ मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले विश्राम स्थलों और शिविरों के पास पार्किंग की उचित व्यवस्था, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्याप्त प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा, सड़कों पर बने गड्ढों को भरकर मरम्मत और सुधार कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कराने को कहा गया।

अल्हागंज से हुल्लापुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान हाईवे के किनारे नगर पंचायत का कूड़ा डंप मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी को दो दिन के भीतर पूरा कूड़ा वहां से हटवाकर एमआरएफ सेंटर भिजवाने के निर्देश दिए। साथ ही, कूड़ा उठने के बाद उस जगह पर मिट्टी डलवाकर उसका समतलीकरण कराने को भी कहा। इसके अतिरिक्त, हुल्लापुर चौराहे पर नया गोल चक्कर बनवाने और वहां लगी खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने सभी संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, लगातार गश्त बढ़ाई जाए और यातायात का सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। एसपी ने दोटूक शब्दों में कहा कि यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट: एसपी ने गंगा घाट और रूट का किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश।

कासगंज में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट: एसपी ने गंगा घाट और …

error: Content is protected !!