Breaking News

शाहजहांपुर: संचारी रोगों के विरुद्ध रेड क्रॉस सोसाइटी का महाअभियान, स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर घर-घर फैलेगी जागरूकता।

शाहजहांपुर: संचारी रोगों के विरुद्ध रेड क्रॉस सोसाइटी का महाअभियान, स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर घर-घर फैलेगी जागरूकता।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कमर कस ली है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रांगण में एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें आयुष चिकित्सकों और समाजसेवियों ने रोगों से बचाव की रणनीति पर मंथन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. उस्मान अली खान ने की।

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व और जिलाधिकारी के निर्देशन में पूरे जनपद में एक सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस के स्वयंसेवक स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और बचाव का संदेश पहुंचाएंगे। इस अभियान का लक्ष्य संचारी रोगों के प्रति लोगों को सतर्क करना और समय रहते बचाव के उपाय सुनिश्चित करना है।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. उस्मान अली खान ने वर्षा ऋतु में फैलने वाले रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस के प्रति आगाह किया। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास जलभराव न होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए हर संभव सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार के बजाय तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना ही बुद्धिमानी है।

डॉ. मुजीब उल्ला खान ने रोगों के फैलने के कारणों पर प्रकाश डालते हुए व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वच्छता की आवश्यकता जताई। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, नियमित रूप से हाथ धोने और समय पर टीकाकरण को रोगों से बचने का सबसे सशक्त माध्यम बताया।

अंत में डॉ. विजय जौहरी ने सभी उपस्थित चिकित्सकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानव सेवा ही रेड क्रॉस का मूल मंत्र है और संचारी रोगों के उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अनिवार्य है। बैठक में डॉ. मसरूर, मुरारी दीक्षित, नवजोत सिंह, बालकृष्ण पांडेय, बृजेश गुप्ता, चंद्रसेन वर्मा, रवि बाबू, रामकुमार सक्सेना, अमुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह, रमा देवी, शीला देवी, राजीव राठौर और इमरान खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!