Breaking News

सहसवान: प्रमोद इंटर कॉलेज में ब्लॉक स्तरीय सम्मान समारोह संपन्न, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित।

प्रमोद इंटर कॉलेज में ब्लॉक स्तरीय सम्मान समारोह संपन्न, मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित।

सहसवान (बदायूँ)। स्थानीय प्रमोद इंटर कॉलेज में शनिवार को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के ब्लॉक स्तरीय सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री प्रदीप यादव और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर गायत्री परिवार के उपजोन समन्वयक श्री अजयवीर सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति के आदर्श जीवन मूल्यों का निरंतर विकास हो रहा है, जो भविष्य के उन्नत समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए गायत्री परिवार के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की।

समारोह के दौरान जिला समन्वयक श्री नरेन्द्र पाल ने समाज और संस्कृति के उत्थान हेतु गायत्री परिवार द्वारा संचालित विभिन्न लोक-कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं, बदायूँ गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंध ट्रस्टी श्री सुरेन्द्र नाथ शर्मा ने युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक श्री पी.सी. शर्मा ने इस वर्ष आयोजित होने वाली आगामी परीक्षा की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी प्रबुद्धजनों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि श्री प्रदीप यादव, डॉ. आदित्य गुप्ता, प्रधानाचार्य श्री रामसहाय, श्री सुजीत सिंह, श्री रामवतार कश्यप, श्री अरुण सक्सेना, श्री पंकज माहेश्वरी और श्रीमती बेबी माहेश्वरी ने 15 विद्यालयों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। अतिथियों का स्वागत श्री अनिल माहेश्वरी, भवेश चाँडक, श्री संतोष गांधी, श्री पिंटू सर्राफ, निर्मित माहेश्वरी और शुभम चाँडक द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संगीतमय बनाने में श्री प्रदीप और कृष्णा के प्रज्ञा गीतों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति पाठ के साथ हुआ।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!