Breaking News

कासगंज: शराब के लिए पानी नहीं लाया मासूम, तो नशेड़ी रिश्तेदार ने पेट में मार दी गोली: अलीगढ़ में इलाज के दौरान 9 वर्षीय यश की मौत।

शराब के लिए पानी नहीं लाया मासूम, तो नशेड़ी रिश्तेदार ने पेट में मार दी गोली: अलीगढ़ में इलाज के दौरान 9 वर्षीय यश की मौत।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

सहावर, कासगंज। कोतवाली सहावर क्षेत्र के ग्राम यकूतगंज में एक खुशियों भरा माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली सी बात पर एक सनकी युवक ने 9 साल के मासूम की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि शराब पीने के लिए पानी लाने से मना करने पर युवक ने बच्चे के पेट में तमंचे से गोली दाग दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अलीगढ़ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यकूतगंज निवासी जसवीर गोला के घर शुक्रवार की रात उनके पुत्र का नामकरण संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। दावत में पड़ोसी सुखबीर का 9 वर्षीय पुत्र यश भी शामिल होने गया था। इसी कार्यक्रम में जसवीर का रिश्तेदार धनेश यादव निवासी नगला बीच (थाना सोरों) भी आया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि रात करीब 11 बजे नशे में धुत धनेश ने बालक यश से शराब पीने के लिए पानी लाने को कहा। मासूम यश ने जब पानी लाने से मना कर दिया, तो धनेश आपा खो बैठा और उसने जान से मारने की नीयत से यश के पेट में गोली मार दी।

गोली चलते ही कार्यक्रम में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। लहूलुहान हालत में यश को परिजन तत्काल जिला अस्पताल कासगंज ले गए, जहाँ से उसे नाजुक हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। शनिवार दोपहर इलाज के दौरान यश की मौत हो गई, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी धनेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और जल्द ही उसे जेल भेजा जाएगा।

बाइट- शाहिद नसरीन, सीओ, सहावर।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!