Breaking News

भाजपा के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पर प्रेस वार्ता: एमएलसी रजनीकांत महेश्वरी ने अखिलेश यादव के बयानों पर किया पलटवार।

भाजपा के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पर प्रेस वार्ता: एमएलसी रजनीकांत महेश्वरी ने अखिलेश यादव के बयानों पर किया पलटवार।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। कासगंज के सोरों गेट स्थित भाजपा कार्यालय पर आज केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा एमएलसी रजनीकांत महेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014, 2019 और 2024 में लगातार जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर एनडीए सरकार बनाई और देश के 22 राज्यों में भाजपा व सहयोगियों की सरकारें विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याण, आधारभूत विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख किया। महेश्वरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जन धन योजना के जरिए करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में आए सुधार को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा चुनाव में लूट और बेईमानी के आरोपों पर पलटवार करते हुए एमएलसी ने कहा कि जब पंजाब और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, तब अखिलेश यादव को बेईमानी नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि चुनाव उसी पद्धति से हो रहे हैं जैसे पहले होते थे, लेकिन अपनी हार सामने देख विपक्ष बेईमानी का राग अलाप रहा है। पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां की जनता अराजकता से परेशान थी और इसी कारण सर्व समाज ने वहां भाजपा को चुना।

वन नेशन वन इलेक्शन के मुद्दे पर अखिलेश यादव के बयान को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली थी और प्रस्ताव लोकसभा में भी रखा गया था। उन्होंने विपक्ष पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष मंच पर समर्थन की बात करता है और सदन में विरोध करता है। महेश्वरी ने दावा किया कि वन नेशन वन इलेक्शन लागू होने से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और भारत आर्थिक दृष्टि से विश्व में तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। अखिलेश यादव के हर महिला को 40 हजार रुपये देने के चुनावी वादे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख केवल झूठी घोषणाएं करते हैं और धरातल पर कुछ भी देने में विफल रहते हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बाइट- रजनीकांत महेश्वरी, एमएलसी, भाजपा पार्टी।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

मथुरा-बरेली हाईवे पर अंडरपास की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; आंदोलन तेज करने की चेतावनी। …

error: Content is protected !!