Breaking News

लखीमपुर खीरी: दिवंगत आरक्षी के परिवार को मिला एक करोड़ रुपये का बीमा चेक, पुलिस सैलरी पैकेज योजना बनी सहारा।

लखीमपुर खीरी: दिवंगत आरक्षी के परिवार को मिला एक करोड़ रुपये का बीमा चेक, पुलिस सैलरी पैकेज योजना बनी सहारा।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी: जनपद में पुलिस परिवार के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक सुरक्षा का एक बड़ा उदाहरण देखने को मिला। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ‘पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना’ के तहत दिवंगत आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला के परिजनों को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आरक्षी की पत्नी श्रीमती रेनू शुक्ला को यह चेक प्रदान किया।

दिवंगत आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला थाना गोला में तैनात थे। बीते वर्ष 30 जून 2025 को सरकारी कार्य से जाते समय वे एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उपचार के दौरान 1 जुलाई 2025 को उनका निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से पूरा पुलिस विभाग और परिवार शोक में था। ऐसे कठिन समय में एसबीआई की बीमा योजना ने परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा के साथ आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। सेवा के दौरान किसी अनहोनी की स्थिति में उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने दिवंगत आरक्षी की कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए कहा कि पुलिस विभाग हर परिस्थिति में उनके परिवार के साथ खड़ा है।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय ने कहा कि यह बीमा सहायता पुलिस विभाग की अपने जवानों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। वहीं, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज कुमार सिंह और मुख्य शाखा प्रबंधक सौरभ पाण्डेय ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना केवल एक बैंकिंग सुविधा नहीं, बल्कि पुलिस परिवारों के लिए एक व्यापक सुरक्षा तंत्र है, ताकि संकट के समय उन्हें तुरंत और बिना किसी बाधा के आर्थिक मदद मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने दिवंगत आरक्षी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!