Breaking News

गंजडुंडवारा: दुलाई प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाने की मांग: सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन।

दुलाई प्राथमिक विद्यालय को दोबारा खुलवाने की मांग: सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा/कासगंज: पटियाली तहसील के गंजडुंडवारा विकास क्षेत्र के ग्राम दुलाई में पेयरिंग (विलय) के नाम पर बंद किए गए प्राथमिक विद्यालय को तत्काल चालू कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। समाजवादी पार्टी के अभियान “खुलेगा स्कूल तो पड़ेगा पीडीए” के तहत सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विद्यालय को दोबारा खुलवाने की जोरदार मांग उठाई।

ग्रामीणों का कहना है कि दुलाई के प्राथमिक विद्यालय को जिस स्कूल के साथ पेयर किया गया है, वह यहां से लगभग तीन किलोमीटर दूर चिरोला गांव में स्थित है। इतनी अधिक दूरी होने के कारण प्राथमिक स्तर के छोटे बच्चों के लिए वहां प्रतिदिन पैदल या अकेले जाकर पढ़ाई करना काफी जोखिम भरा और कठिन है।

गरीबों की शिक्षा पर सीधा हमला: अब्दुल हफीज गांधी

इस मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने सरकार की स्कूल पेयरिंग नीति को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों को बंद करने या उनका विलय करने से सीधे तौर पर गरीब, वंचित और ग्रामीण तबके के बच्चों के मौलिक शिक्षा अधिकार पर कुठाराघात हो रहा है। जो परिवार महंगे निजी विद्यालयों की फीस भरने में असमर्थ हैं, उनके बच्चे इन सरकारी स्कूलों के बंद होने से शिक्षा से पूरी तरह वंचित हो जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार को प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने के बजाय स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति और बुनियादी संसाधनों को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

अब्दुल हफीज गांधी ने कासगंज के जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर दुलाई प्राथमिक विद्यालय के संचालन को बहाल किया जाए, ताकि गांव के नौनिहालों को घर के पास ही सुलभ शिक्षा मिल सके। उन्होंने चेताया कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन और मांग के दौरान विद्याराम शाक्य, असलम अंसारी, राजकुमार मिश्रा, सत्यवीर सिंह, पुष्पेंद्र शाक्य, विजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, फूल सिंह शाक्य, चेतराम, हुकुम सिंह, अनार सिंह, रूप किशोर मिश्रा, राजपाल शाक्य, सुरेंद्र सिंह, शिशुपाल, दिनेश कुमार और नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता दो नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपे।

कासगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता दो नाबालिग बच्चे सकुशल बरामद, …