Breaking News

सील पटाखा गोदाम की दोबारा जांच, स्टॉक सत्यापन के बाद फिर लगाई सील।

उझानी-बिल्सी मार्ग पर प्रशासनिक टीम की कार्रवाई, कारोबारी की मौजूदगी में की गई आतिशबाजी के भंडार की जांच।

उझानी, बदायूं। दीपावली से पहले आतिशबाजी के भंडारण पर प्रशासन की निगरानी तेज हो गई है। इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर उझानी-बिल्सी मार्ग स्थित पहले से सील किए गए पटाखा गोदाम का अधिकारियों ने दोबारा निरीक्षण किया। एडीएम प्रशासन, एसपी सिटी और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गोदाम की सील खोलकर वहां रखे स्टॉक का सत्यापन किया। जांच पूरी होने के बाद गोदाम को फिर से सील कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सितंबर की शुरुआत में एसडीएम सदर, सीओ उझानी और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने इस गोदाम पर छापा मारा था। गंजशहीदा निवासी पटाखा कारोबारी पारसमणि वार्ष्णेय के गोदाम में लाइसेंस के तहत निर्धारित सीमा से अधिक पटाखे और बारूद का भंडारण मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद प्रशासन ने गोदाम को सील कर दिया था।

शुक्रवार को की गई कार्रवाई के दौरान पटाखा कारोबारी की मौजूदगी में गोदाम खोला गया और वहां उपलब्ध आतिशबाजी के स्टॉक की जांच की गई। एसपी सिटी ने बताया कि स्टॉक का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई पूरी करते हुए गोदाम को दोबारा सील कर दिया गया।

गोदाम में रखे माल की दोबारा जांच कराए जाने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, स्टॉक कम होने की आशंका या किसी शिकायत के आधार पर सत्यापन कराए जाने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

दीपावली के मद्देनजर प्रशासन आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री से जुड़े नियमों के अनुपालन को लेकर सतर्क है। ऐसे में गोदामों की जांच और सुरक्षा मानकों के सत्यापन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Spread the love

Check Also

जकार्ता कांफ्रेंस से लौटे मनोज कुमार सिंह का भव्य स्वागत।

शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन की बैठक में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के अनुभव किए साझा। आई एम खान  …