Breaking News

फैजगंज बेहटा में बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला: फॉल्ट ठीक करने गए जेई को बंधक बनाकर पीटा।

फैजगंज बेहटा में बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला: फॉल्ट ठीक करने गए जेई को बंधक बनाकर पीटा।

बदायूं: जनपद के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में सरकारी ड्यूटी पर तैनात बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव मुड़िया धुरेकी में बिजली आपूर्ति सुचारू करने पहुंचे अवर अभियंता (जेई) और लाइनमैन को दबंगों ने न केवल बंधक बनाया, बल्कि लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुड़िया पर तैनात जेई संजीव कुमार वार्ष्णेय, लाइनमैन श्रीपाल और पुष्पेंद्र के साथ नसरौल फीडर का फॉल्ट ठीक करने के लिए मुड़िया धुरेकी गांव पहुंचे थे। जैसे ही टीम रोहित पुत्र रामकुमार के घर के पास पहुँची, वहाँ मौजूद रोहित, सत्यभान (उर्फ केतू), रिकू यादव और मोहित यादव ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने पहले टीम के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। जब जेई ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन्हें जबरन एक घर के अंदर खींच लिया और बंधक बना लिया। यहाँ आरोपियों ने जेई को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वे घायल हो गए। इस दौरान जेई का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जब लाइनमैन श्रीपाल अपने अधिकारी को बचाने के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे। घायल जेई का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद, उनकी तहरीर पर फैजगंज बेहटा पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा है कि घटना के साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …