Breaking News

बिनावर के दियोरीजीत में दुस्साहसिक वारदात: पशुपालक पर हमला कर लाखों की दो भैंसें ले उड़े चोर।

आँखों पर टॉर्च की रोशनी डालकर किया वार, चीख-पुकार सुनकर भागे ग्रामीण, इलाके में दहशत

संवाददाता, शैलेन्द्र सिंह

बिनावर (बदायूं)। जनपद बदायूं के थाना बिनावर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव दियोरीजीत में सोमवार की तड़के अज्ञात चोरों ने एक बेहद दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। यहाँ रात के अंधेरे में घुसे शातिर चोरों ने एक घर से लाखों रुपये कीमत की दो भैंसें चोरी कर लीं। वारदात के दौरान विरोध करने पर चोरों ने घर के स्वामी पर जानलेवा हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल व्याप्त है।

पीड़ित पशुपालक तोताराम पुत्र लोचन ने थाने में तहरीर देकर पुलिस को पूरी आपबीती बताई। तोताराम के मुताबिक, वह अपने घर के भीतर सो रहा था और उसकी दोनों कीमती भैंसें आंगन में बंधी हुई थीं। सोमवार की सुबह करीब 3:00 बजे अचानक अज्ञात चोर उसके घर के आंगन में दाखिल हो गए। चोरों की आहट और खटपट की आवाज सुनकर तोताराम की आंख खुल गई। जैसे ही उसने उठकर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, वैसे ही बदमाशों ने उसकी आंखों पर तेज रोशनी वाली टॉर्च जला दी और उन पर हमला बोल दिया।

अचानक हुए इस हमले में पशुपालक तोताराम घायल हो गया। उसे घायल करने के बाद शातिर चोर आंगन में बंधी दोनों भैंसों को खोलकर बड़े ही आराम से रफूचक्कर हो गए। घायल तोताराम के शोर मचाने पर जब तक परिवार और आस-पड़ोस के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए, तब तक चोर काफी दूर निकल चुके थे। ग्रामीणों ने रात में ही चारों तरफ और खेतों में भैंसों की काफी खोजबीन की, लेकिन बदमाशों और पशुओं का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित पशुपालक ने बिनावर थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी भैंसों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!