Breaking News

बदायूं: डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की।

6 मार्च को प्रकाशित होगी विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची।

डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे 

बदायूँ। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण तथा खंड शिक्षक निर्वाचन नामावलियों की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन से जुड़ा प्रत्येक कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत दावे एवं आपत्तियां 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक स्वीकार की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर नोटिस जारी करने, सुनवाई, सत्यापन तथा निस्तारण की प्रक्रिया 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस अवधि में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा।

इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने खंड शिक्षक निर्वाचन नामावली के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस श्रेणी की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) को किया जाएगा।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव शर्मा, संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!