Breaking News

शाहजहांपुर: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में डीएम ने लोगों को दिलाई यातायात नियमों की शपथ।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में डीएम ने लोगों को दिलाई यातायात नियमों की शपथ।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (1 से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में गुरुवार को एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि देश में प्रतिदिन सैकड़ों लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा रहे हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या दो पहिया वाहन चालकों की है। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने से दुर्घटनाओं में मृत्यु का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, तेज गति, ओवरलोडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने से बचने पर विशेष जोर दिया। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने की सलाह दी।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने कहा कि समय पर निकलना और नियंत्रित गति से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में सहायक होता है। उन्होंने लोगों से स्टंट करने से बचने और दुर्घटना की स्थिति में घायलों को गोल्डन आवर में नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की अपील की।

एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था में इंजीनियरिंग, प्रवर्तन और इमरजेंसी सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रभाव पूरे परिवार को झेलना पड़ता है, इसलिए नियमों का पालन सभी के लिए आवश्यक है।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सचिव डॉ. संजीव कन्नौजिया ने दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार की जानकारी देते हुए कहा कि अधिक रक्तस्राव होने पर तुरंत घाव को बांधकर घायल को नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए।

पीएसआई विनय कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनजागरूकता बढ़ने के कारण वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। उन्होंने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने पर सरकार द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकार यातायात प्रभारी संजय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!