Breaking News

बरेली: बारहवीं शरीफ के जलसों को लेकर पुलिस-प्रशासन सक्रिय, आयोजन स्थलों का कराया गया सर्वे।

बरेली: बारहवीं शरीफ के जलसों को लेकर पुलिस-प्रशासन सक्रिय, आयोजन स्थलों का कराया गया सर्वे।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: बारहवीं शरीफ (12 रबी उल अव्वल) के मौके पर 25 अगस्त की रात को होने वाले संभावित जलसों को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कानून और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न जलसा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। आधिकारिक अनुमति की प्रक्रिया पूरी करने से पहले पुलिस टीम ने संबंधित आयोजन समितियों के पदाधिकारियों को मौके पर बुलाकर कार्यक्रम स्थलों, आवागमन के रास्तों और अन्य व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी जुटाई है।

बहेड़ी कस्बे में कस्बा इंचार्ज के नेतृत्व में पुलिस ने प्रस्तावित तीन जलसा स्थलों का सर्वे किया। इस दौरान आयोजन समितियों के पदाधिकारियों ने पुलिस को कार्यक्रम स्थलों की स्थिति से अवगत कराया। सर्वे के दौरान शिमला जनरल स्टोर पर होने वाले जलसे से जुड़े हाजी मोहम्मद इस्माइल ने इस वर्ष वहां जलसा आयोजित न किए जाने का निर्णय लिया। वहीं, अन्य दो प्रमुख जलसा स्थलों का पुलिस ने समितियों की मौजूदगी में बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अंजुमन गुलामाने रसूल की तरफ से नईम अहमद और अंजुमन गुलिस्ताने मदार की तरफ से फहीमुद्दीन शहरी ने पुलिस टीम को आयोजन स्थलों का जायजा कराया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम के दौरान उमड़ने वाली संभावित भीड़, आने-जाने के रास्तों और सुरक्षा प्रबंधों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से आयोजन की अनुमति देने से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं का पूरी तरह से परीक्षण किया जा रहा है।

कस्बा इंचार्ज ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) स्तर पर संबंधित आयोजन समितियों के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जलसे के सफल आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रशासन द्वारा तय किए गए जरूरी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बारहवीं शरीफ के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। अब सीओ स्तर की बैठक और जरूरी औपचारिकताओं के बाद ही जलसों की अनुमति को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित, 12 सितंबर को होगा आयोजन।

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित, 12 सितंबर को होगा …