Breaking News

बलरामपुर: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय परिसर का किया निरीक्षण, एचपीवी टीकाकरण पर दिया जोर।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय परिसर का किया निरीक्षण, एचपीवी टीकाकरण पर दिया जोर।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल होकर जागरूकता का संदेश दिया।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित कुलाधिपति वाटिका में मौलिसरी का पौधरोपण किया। इसके बाद निर्माणाधीन सरोवर का नामकरण “कुलाधिपति सरोवर” किया। उन्होंने प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, कुलपति आवास सहित विभिन्न निर्माणाधीन संरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, ताकि विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा का सशक्त केंद्र बन सके।

इसके उपरांत राज्यपाल कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण शिविर का अवलोकन किया। शिविर में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर 100 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की दो खुराक दिए जाने से वे लगभग 95 प्रतिशत तक सुरक्षित रह सकती हैं। यह टीका 26 वर्ष की आयु तक लगाया जा सकता है। उन्होंने उद्योगों एवं निजी संस्थानों से भी ऐसे जनहित कार्यक्रमों में सहयोग करने की अपील की।

राज्यपाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी और विद्यालय भेजें। उन्होंने बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने और ट्रांसजेंडर बच्चों के साथ भेदभाव न करने का संदेश भी दिया। नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता मिली है।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने बालिकाओं को पोषण किट तथा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!