Breaking News

बहेड़ी: चेहल्लुम और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त, नए मार्गों पर रोक और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई।

बहेड़ी: चेहल्लुम और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त, नए मार्गों पर रोक और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बरेली। आगामी चेहल्लुम और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को कोतवाली परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि दोनों धार्मिक आयोजनों के जुलूस केवल पूर्व निर्धारित और पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नए मार्ग या नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

शांति और सुरक्षा पर विशेष जोर

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम इशिता किशोर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। बैठक में ताजियों और डीजे की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग और नगर पालिका को जुलूस के मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि आमजन को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने की अपील

एसडीएम इशिता किशोर ने क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दी जाए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है और त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

शांति समिति की इस बैठक में तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार, बिजली विभाग के अधिकारी, नगर पालिका के सैनिटरी इंस्पेक्टर अहमद हसन, सीताराम दुबे, सभासद, जनप्रतिनिधि तथा दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और क्षेत्र में आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!