Breaking News

बदायूं: गोद भराई में जा रही बोलेरो पेड़ से टकराई, एक की मौत, 10 घायल।

बदायूं: गोद भराई में जा रही बोलेरो पेड़ से टकराई, एक की मौत, 10 घायल।

उसहैत (बदायूं)। थाना उसहैत क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। एक गोद भराई समारोह में शामिल होने जा रहे 11 लोगों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से जा टकराई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम कौआ नगला निवासी एक परिवार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बोलेरो (UP 81 CD 1766) से थाना हजरतपुर के ग्राम कलईया खेड़ा जा रहा था। वे परिवार के सदस्य प्रदीप पुत्र राधेश्याम की गोद भराई रस्म में शामिल होने के लिए निकले थे। अभी गाड़ी ग्राम सिमरा से लगभग एक किलोमीटर आगे पहुंची ही थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पेड़ से जा टकराया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को फौरन एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कादरचौक भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने विजय सिंह (40) पुत्र झम्मन को मृत घोषित कर दिया। अन्य 10 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतक विजय सिंह के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षतिग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने में खड़ी करा दी गई है। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …