Breaking News

कासगंज: अधिवक्ता के घर में घुसे नकाबपोश, शोर मचाने पर पत्थर फेंककर फरार; इलाके में फैली सनसनी।

कासगंज: अधिवक्ता के घर में घुसे नकाबपोश, शोर मचाने पर पत्थर फेंककर फरार; इलाके में फैली सनसनी।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। नगर के मोहल्ला बरी थोक में शुक्रवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो नकाबपोश युवकों ने एक अधिवक्ता के घर में घुसने का दुस्साहस किया। जाग होने पर संदिग्धों ने अधिवक्ता पर पत्थर फेंके और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पीड़ित अधिवक्ता का परिवार दहशत के साये में है।

जिला न्यायालय, कासगंज में कार्यरत अधिवक्ता मोहम्मद अयाज ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 28-29 मई की मध्यरात्रि करीब 1:00 बजे अपने घर की छत पर बने कमरे में सो रहे थे, तभी उन्हें संदिग्ध आहट सुनाई दी। उन्होंने उठकर देखा तो दो युवक, जिनके चेहरे नकाब से ढके हुए थे, घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। अधिवक्ता के अनुसार, एक संदिग्ध के हाथ में भारी पत्थर था। उन्हें देखते ही अधिवक्ता ने शोर मचाया, जिससे घबराकर बदमाशों ने उन पर पत्थर फेंके और वहां से भाग निकले। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

इस घटना से अधिवक्ता और उनके परिजन खासे भयभीत हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि अज्ञात हमलावर किसी बड़ी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि तहरीर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने रिहायशी इलाकों में बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …