Breaking News

कोहरे की चपेट में आया बाइक सवार मजदूर, ट्रक की टक्कर से दर्दनाक मौत।

कोहरे की चपेट में आया बाइक सवार मजदूर, ट्रक की टक्कर से दर्दनाक मौत।

मौत से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

सैयदराजा (चंदौली)। सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत मरुई गांव के समीप मंगलवार देर शाम घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतक के परिजनों व ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क के एक किनारे एफसीआई गोदाम में चावल उतारने के लिए ट्रकों का खड़ा होना हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान सामने से आ रही ट्रक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान छतेम गांव निवासी सुरेंद्र राम (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मरुई स्थित राइस मिल में पल्लेदारी का कार्य करता था। बताया गया कि वह सैयदराजा बाजार से सब्जी लेकर बाइक से घर लौट रहा था, तभी मिल के पास घने कोहरे के कारण यह हादसा हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और क्षेत्रीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर सड़क किनारे ट्रकों का अवैध रूप से खड़ा होना आम बात हो गई है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

आक्रोशित लोगों ने मांग की कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार सहित सैयदराजा थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। जाम के दौरान ग्रामीण ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

उल्लेखनीय है कि मृतक के घर एक सप्ताह पूर्व ही पुत्र का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!