Breaking News

भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के साथ लक्ष्य हासिल करें विद्यार्थी: सुरेश खन्ना।

भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के साथ लक्ष्य हासिल करें विद्यार्थी: सुरेश खन्ना।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए चरित्र निर्माण, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

वित्त मंत्री गुरुवार को स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में आयोजित सत्रारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भविष्य की योजनाएं बनाने और प्रतिदिन कुछ समय आत्मचिंतन के लिए निकालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने विचारों और व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए तथा अहंकार जैसे दुर्गुणों से दूर रहना चाहिए।

सुरेश खन्ना ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन की दिशा तय करने के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं जिम्मेदारी उठानी चाहिए। उन्होंने भगवद्गीता के दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में श्रेष्ठ व्यक्तियों के आचरण का व्यापक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने व्यवहार और कर्मों से उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया।

विश्वविद्यालय को अग्रणी संस्थानों में शामिल करने पर जोर

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती ने अपने आशीर्वचन में स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके समर्पण और प्रयासों से संस्था ने विश्वविद्यालय के रूप में विकास किया है। उन्होंने शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों से सामूहिक प्रयासों के जरिए विश्वविद्यालय को प्रदेश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने स्वागत भाषण में सत्रारंभ कार्यक्रम को संस्थान की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं के समाधान में भी योगदान देना होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच उद्यमिता और नवाचार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान पिछले शैक्षणिक सत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को डॉ. एके मिश्रा ने अंगवस्त्र और महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती ने स्मृति चिह्न भेंट किया। कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह और डॉ. अमीर सिंह यादव ने उन्हें अभिनंदन पत्र प्रदान किया। अन्य अतिथियों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती का भी विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्य परिषद के सदस्य डॉ. एके मिश्रा ने दिया। डॉ. कविता भटनागर ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य, वित्त अधिकारी अर्चना त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि सुरेश सिंघल, प्रो. आरके आजाद सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं में ‘संविधान संवाद’ अभियान के तहत नोडल शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

  विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जाएगा जागरूक। …