Breaking News

शाहजहांपुर: फैक्ट्री स्टेट रामलीला को लेकर समिति ने साफ किया अपना पक्ष।

पूर्व कलाकारों के आरोपों पर सचिव ए.के. व्यास बोले—बैठक के लिए कई बार दी गई सूचना, संबंधित लोग नहीं पहुंचे।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। फैक्ट्री स्टेट श्रीरामलीला मंचन को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर सामने आ रही खबरों के बीच श्रीरामलीला मंचन संयोजन समिति ने अपना पक्ष रखा है। समिति के सचिव ए.के. व्यास ने पूर्व कलाकारों की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी कलाकार को व्यक्तिगत द्वेष या दुर्भावना के चलते समिति से बाहर नहीं किया गया है।

ए.के. व्यास ने बताया कि कुछ पूर्व कलाकारों की ओर से मंचन से जुड़े कलाकारों को हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए गए थे। समिति की ओर से संबंधित लोगों से संपर्क कर मामले पर बातचीत के लिए कई बार सूचना दी गई। उनके अनुसार फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से बैठक में शामिल होकर अपनी बात रखने का अवसर भी दिया गया था।

सचिव के मुताबिक, समिति की मंशा बातचीत के माध्यम से मतभेद दूर करने और इच्छुक कलाकारों को दोबारा मंचन टीम में शामिल किए जाने की संभावनाओं पर विचार करने की थी। हालांकि, उनके अनुसार सूचना दिए जाने के बावजूद संबंधित लोग बैठक में नहीं पहुंचे, जिससे मामले पर आमने-सामने बातचीत नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन में समय के साथ कलाकारों और पात्रों में बदलाव होते रहे हैं। उनके अनुसार इसे किसी व्यक्ति के प्रति दुर्भावना से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने रामलीला से जुड़े लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की जानकारी या विवाद को सार्वजनिक करने से पहले समिति के पदाधिकारियों से बातचीत कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला के मंचन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित लोगों के साथ संवाद बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान सचिव ए.के. व्यास, सचिव देवेश दीक्षित, संयुक्त सचिव अजय सक्सेना, निर्देशक अंकित सक्सेना, श्रीरामलीला एवं प्रदर्शनी समिति के सचिव बलवीर, राम मोहन अग्निहोत्री, प्रदीप अग्निहोत्री, महेंद्र दीक्षित, पैट्रिक दास और यशपाल कुकरेजा मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: पीड़ित परिवार से मारपीट के आरोप में जहानगंज थानाध्यक्ष निलंबित।

पीड़ित परिवार से मारपीट के आरोप में जहानगंज थानाध्यक्ष निलंबित। संवाददाता, दीपक शुक्ला  फर्रुखाबाद। कोरीखेड़ा …