Breaking News

गंजडुंडवारा: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार रसोइया की मौत, कांस्टेबल गंभीर।

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार रसोइया की मौत, कांस्टेबल गंभीर।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज। गंजडुंडवारा-सहावर मार्ग पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठीं प्राथमिक विद्यालय की रसोइया चांदनी (करीब 40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे लखनऊ में तैनात कांस्टेबल राहुल (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सहावर कोतवाली क्षेत्र के नगला चौबे निवासी राहुल पुत्र रामगुलाम लखनऊ के गोसाईगंज थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। रविवार को वह अपनी चचिया सास चांदनी पत्नी ब्रजपाल निवासी नारोशा, थाना नवाबगंज, फर्रुखाबाद को बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे।

गंजडुंडवारा-सहावर मार्ग पर गांव खरपरा के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और उसने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठीं चांदनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा पहुंचाया। चिकित्सकों ने राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिकअप छोड़कर चालक फरार

हादसे के बाद चालक पिकअप को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका चांदनी गांव के प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्यरत थीं। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बच्चों के सिर से मां का साया उठने से परिवार सदमे में है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

जौहर यूनिवर्सिटी को मिली अंतरिम राहत का शिक्षाविदों ने किया स्वागत, कलीमुल हफीज बोले—यह शिक्षा जगत के लिए बड़ी राहत।

जौहर यूनिवर्सिटी को मिली अंतरिम राहत का शिक्षाविदों ने किया स्वागत, कलीमुल हफीज बोले—यह शिक्षा …