Breaking News

बरेली/बहेड़ी: एसबीआई–बेसिक शिक्षा विभाग के एमओयू से शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा का मिलेगा लाभ।

एसबीआई–बेसिक शिक्षा विभाग के एमओयू से शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा का मिलेगा लाभ।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बरेली/बहेड़ी: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के स्थायी एवं संविदा शिक्षकों के कल्याण तथा सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू किया गया है। इसके तहत शिक्षकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देने के लिए गुरुवार को ब्लॉक बहेड़ी के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, झाझूनगर में शिक्षक जागरूकता एवं संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के स्थायी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। एसबीआई बहेड़ी शाखा के प्रबंधक विनीत कुमार ने एमओयू के अंतर्गत शिक्षकों को मिलने वाली विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि जिन कर्मचारियों का वेतन खाता अभी तक एसबीआई में नहीं है, वे जल्द से जल्द अपना खाता खुलवाएं और उसे वेतन खाते की श्रेणी में परिवर्तित कराएं, ताकि शासन द्वारा निर्धारित सभी वित्तीय व सुरक्षा लाभ समय पर प्राप्त हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधक ने वित्तीय प्रबंधन पर जोर देते हुए शिक्षकों को आय और व्यय के बीच संतुलन बनाए रखने, नियमित बचत की आदत डालने तथा भविष्य की पारिवारिक एवं आकस्मिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से निवेश करने की सलाह दी। इसके साथ ही, वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति आगाह करते हुए उन्होंने बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के भी साथ साझा न करने की हिदायत दी। उन्होंने ओटीपी, सीवीवी और पासवर्ड को पूरी तरह सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या फर्जी कॉल के झांसे में न आने की बात कही।

कार्यक्रम में एसबीआई की विभिन्न ऋण योजनाओं, जमा योजनाओं और आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की भी जानकारी साझा की गई। इस दौरान शिक्षकों द्वारा पूछी गई विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बैंक अधिकारियों ने उन्हें सभी सुविधाओं के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार, शिक्षामित्र संघ के अध्यक्ष विजयपाल सिंह, रवि प्रकाश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज में चोरी का खुलासा, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार; सोने के जेवर और 40 हजार रुपये बरामद।

कासगंज में चोरी का खुलासा, चार वांछित आरोपी गिरफ्तार; सोने के जेवर और 40 हजार …