Breaking News

बिजली संकट और लाइनमैनों की अवैध वसूली पर भड़के भाकियू चढूनी के किसान, तहसील पर प्रदर्शन।

बिसौली बिजली घर पर अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी; जेई की शह पर पैसे उगाहने का लगाया गंभीर आरोप।

आई एम खान 

बिसौली। क्षेत्र में लगातार गहराते बिजली संकट और बिजली विभाग में फैले कथित भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। तहसील अध्यक्ष रजनेश उपाध्याय के नेतृत्व में भारी संख्या में एकत्रित हुए किसान कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बिसौली को एक शिकायती ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष रजनेश उपाध्याय ने कहा कि पूरे क्षेत्र में आम जनता से लेकर अन्नदाता तक बिजली की भयंकर किल्लत से त्राहि-त्राहि कर रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह से मौन साधे बैठे हैं। उन्होंने बिजली विभाग पर बेहद संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम खुर्रामपुर भगोरी, वहटरा और जूलेहपुरा जैसे गाँवों की विद्युत आपूर्ति नौली हरनाथपुर फीडर से जुड़ी हुई है।

इन गाँवों में तैनात लाइनमैन लाइन ठीक करने के नाम पर प्रत्येक किसान से दो-दो सौ रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। बिजली न मिलने के कारण क्षेत्र के हजारों किसानों की खड़ी फसलें पानी के अभाव में सूख चुकी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

भाकियू नेताओं ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अगले दो दिनों के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुचारु रूप से बहाल नहीं किया गया, तो संगठन के बैनर तले किसान बिसौली बिजली घर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

किसानों का यह भी आरोप है कि पिछले दिनों आई तेज आंधी के कारण जो बिजली की लाइनें टूट गई थीं, उन्हें वापस जोड़ने के लिए कनिष्ठ अभियंता (जेई) की मौन सहमति और शह पर किसानों से खुलेआम पैसों की उगाही की जा रही है। इस तीखे विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से राम कुमार, भूपेंद्र, शिवम शर्मा, मनोज कुमार शर्मा, तेजपाल, सोनू, राहुल मिश्रा, शिशुपाल और अवधेश कुमार सहित भारी संख्या में किसान और यूनियन के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!