Breaking News

लखीमपुर खीरी में युवाओं से प्रशासनिक अधिकारी की अभद्रता का वीडियो वायरल, लोगों में भारी रोष। 

डीएम दफ्तर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान युवक का हाथ पकड़कर खींचने का आरोप; सरकारी कार्यशैली पर खड़े हुए सवाल।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। जनपद में अपनी जायज मांगों और जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे युवाओं के साथ एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा कथित रूप से अमर्यादित व्यवहार किए जाने का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इस वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवाओं से ज्ञापन लेने आए एक जिम्मेदार अधिकारी प्रदर्शन कर रहे एक युवक का हाथ पकड़कर उसे जबरन अंदर की तरफ खींचते हुए ले जा रहे हैं। इस घटनाक्रम को देख मौके पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों और आम जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने इस रवैये का कड़ा विरोध किया।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के ये युवा अपनी विभिन्न स्थानीय समस्याओं और मांगों को लेकर पूरी तरह लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद करने डीएम दफ्तर पहुंचे थे। वे केवल अपनी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाना चाहते थे, लेकिन इसी बीच ज्ञापन लेने आए अधिकारी के अचानक आक्रामक हो जाने से वहां विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद लोगों का सीधा आरोप है कि जब देश का आम नागरिक या युवा अपनी बात रखने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से कलेक्ट्रेट पहुंचता है, तो उसके साथ इस तरह का बल प्रयोग और अशोभनीय व्यवहार करना किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता।

इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो तेजी से प्रसारित होने के बाद लखीमपुर खीरी के प्रशासनिक अमले और उसकी कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रबुद्ध नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूछा है कि अपनी फरियाद लेकर आने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए या उन्हें इस तरह प्रताड़ित किया जाना चाहिए।

हालांकि इस पूरे हाईप्रोफाइल मामले और वायरल वीडियो को लेकर अभी तक जिला प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारी की ओर से कोई भी आधिकारिक स्पष्टीकरण या बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक संवेदनशीलता पर एक बड़ा बहस छेड़ दी है, और अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में क्या सुधारात्मक कार्रवाई करता है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!